Saturday, 10 May 2014

चंडीगढ़, आईटी पार्क से ऑटो लेते समय सावधान रहें महिलाएं, कहीं ऐसा ना हो कि आप भी ऑटो वालों की बुरी नीयत का शिकार बन जाएं



अगर आप चंडीगढ़ में रहने वाली कामकाजी महिला हैं और आपका ऑफिस आईटी पार्क इलाके में हैं, तो ज़रा इस खबर पर ध्यान दें। खासतौर पर अगर आप काम पर आने जाने के लिए ऑटो लेती हैं तो आपका सचेत रहना बहुत ज़रूरी हैं क्योंकि इस इलाके में ऑटो वालों द्वारा दिनदहाड़े एक युवती के अपहरण की कोशिश और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। और इसे केवल एक मामला या अपवाद कहकर नहीं छोड़ा जा सकता क्योंकि हमारे सूत्र बताते हैं कि कुछ अन्य लड़कियों के साथ भी ऐसी घटनाएं हुईं हैं। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वो एक जगह अपराध को अंजाम देने के बाद, उसी जगह फिर पहुंच जाते हैं और पहचान लिए जाने से भी नहीं डरते। हम पूरी घटना का ब्यौरा दे रहे हैं ताकि आप समझ सकें कि अपराधियों का काम करने का तरीका क्या है और किस तरह वो बिना डरे शिकार की ताक में रहते हैं-

आईटी पार्क से बलटाना ले जाने के बहाने ऑटो वालों ने की युवती के अपहरण और छेड़छाड़ की कोशिश

यह घटना 17 अप्रेल, 2014, शाम साढ़े चार बजे के लगभग की है जबकि दोपहर जैसा ही हाल रहता है। मानसी (बदला हुआ नाम) नाम की लड़की, जो जीरकपुर बलटाना की निवासी है, आईटी पार्क स्थित अपने ऑफिस का काम खत्म हो जाने के बाद घर लौटने के लिए निकली थी। गर्मी का मौसम होने के कारण आईटी पार्क इलाका लगभग सुनसान सा ही था, वहीं से उसने हाउसिंग बोर्ड के लिए एक ऑटो लिया जिसमें पीछे की सीट पर पहले से एक लड़का व एक लड़की बैठे हुए थे।

ऑटो वाले ने मानसी को यह कहकर बिठाया कि इस लड़की को उसे रेलवे स्टेशन छोड़ना है जिसके बाद वो मानसी को हाउसिंग बोर्ड चौराहे पर छोड़ देगा। मानसी उस ऑटो में बैठ गई। उसने यहीं सोचा कि साथ बैठे लड़के को भी शायद रास्ते में कहीं उतरना होगा। पहले उस ऑटो वाले ने दूसरी लड़की को रेलवे स्टेशन छोड़ा और उसके बाद मानसो को हाउसिंग बोर्ड ले गया। जब मानसी हाउसिंग बोर्ड पर उतरी तब ऑटो ड्राइवर ने उससे पूछा कि आगे उसे कहा जाना है। मानसी ने बताया कि उसे बलटाना तक जाना है। आगे बलटाना तक जाने के लिए मानसी रास्ता क्रॉस करके 10 रूपए का ऑटो लेती थी। लेकिन जब ऑटो वालों ने उससे कहा कि हम ही आपको आगे बलटाना तक छोड़ देंगे, आप हमें 10-20 रुपए ज्यादा दे देना तो मानसी उसी ऑटो में बैठने को तैयार हो गई। इस दौरान जो लड़का पीछे बैठा था, वो भी आगे ऑटो ड्राइवर की सीट पर बैठ गया था। दोनों आगे बैठकर कुछ खुसर-पुसर कर रहे थे जिस पर मानसी ने इतना ध्यान नहीं दिया।

चूंकि मानसी को चंडीगढ़ आए कुछ ही अरसा गुज़रा था, इसलिए उसे रास्तों और सड़कों की सही जानकारी नहीं थी। ऑटो वालों ने उन्हें बताया कि हम आपको दूसरे रास्ते से ले जा रहे हैं तो मानसी ने उन पर विश्वास कर लिया। इसी बीच मानसी के पास किसी का फोन आ जाने से वो उससे बातें करने में लग गई और रास्ते से उसका ध्यान हट गया। इस दौरान ऑटो मनी माजरा की तरफ मार्केट में ही घूमता रहा। जब मानसी का फोन बंद हुआ तब उसने महसूस किया कि शायद वो गलत रास्ते पर हैं लेकिन चूंकि ऑटो मार्केट में चल रहा था उसे शक की कोई वजह नहीं दिखी और यह सोचकर कि कोई नया रास्ता होगा वो चुप रही। लेकिन तभी अचानक से ऑटो ड्राइवर ने मनी माजरा बस स्टैंड के पास से ऑटो एक चोर सड़क से ले जाकर कच्ची सड़क पर उतार दिया जहां आगे सुनसान कृषि भूमि दिख रही थी। वहीं बीच में ले जाकर उसने ऑटो रोक दिया। मानसी अचानक से हुए इस बदलाव से बेहद घबरा गई थी लेकिन उसने यह प्रकट नहीं होने दिया और बिना घबराए साहस से उन लोगों से पूछा कि वो उसे यहां क्यों लेकर आए हैं। उन दोनों ने अश्लील बातें करनी शुरू कर दी और मानसी के साथ छेड़छाड़ का भी प्रयास किया लेकिन उसने हिम्मत दिखाई और तुरंत ऑटो से निकलकर भाग गई। किसी तरह मानसी भागकर सड़क पर पहुंची और अपने पति को फोन किया जो कुछ ही समय में अपने दो दोस्तों के साथ उसे लेने आ गए। सबने मिलकर वहां उन ऑटो वालो को ढूंढने की कोशिश भी की लेकिन वो वहां से भाग चुके थे।

वापस आईटी पार्क पहुंचकर दूसरी लड़की को फंसाने की कोशिश में थे ऑटो वाले

चारों लोग उन ऑटो वालों की तलाश में दोबारा आईटी पार्क आएं, तो देखते हैं कि वो दोनों ऑटो वाले वहां किसी और लड़की को कहीं ले जाने की तैयारी में थे। एक घटना घटने पर भी उन ऑटो वालों के दुस्साहस में कोई कमी नहीं आई थी और वो मानसी के साथ हुई घटना को किसी दूसरी लड़की के साथ दोहराने की फिराक में थे। मानसी के पति और दोस्तों ने उन दोनों को पकड़ा और मनी माजरा पुलिस थाने में जाकर उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई।

फिलहाल दोनों आरोपी 15 दिन की न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल में बन्द हैं। दोनों आरोपी अनिल (18 वर्ष) और विनोद (25 वर्ष) इन्द्रा कॉलोनी के रहने वाले हैं। पुलिस ने इन पर मॉलेस्टेशन, किडनैपिंग और छेड़खानी के मामले दर्ज किए हैं।

और लड़कियों के साथ भी हुए हैं मामले

हमारे संवाददाता ने जब आईटी पार्क क्षेत्र में काम करने वाली अन्य लड़कियों से इस मामले पर बात की तो उन्होंने भी स्वीकार किया कि इस क्षेत्र में ऐसे मामले हो रहे हैं। कुछ अन्य लड़कियों के साथ भी ऐसे हादसे और दूसरे छेड़खानी के मामले पेश आए हैं, लेकिन युवतियां कोर्ट कचहरी और पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाने के डर से इसकी रिपोर्ट नहीं करतीं।

ऑटो लेने से पहले बरतें सावधानी
· आईटी पार्क से ऑटो लेते वक्त सचेत रहे, अगर आपको ऑटो वाले पर किसी भी तरह का शुबह हो तो उस ऑटो में ना बैठे।
· अगर ऑटो वाले आपको किसी और रास्ते से ले जा रहे हैं जिसकी जानकारी आपको नहीं है तो उसमें बैठने से मना कर दें।
· अपने मोबाइल पर 100 नंबर स्पीड डायलिंग पर रखें ताकि किसी भी खतरे की आशंका पर आप तुरंत पुलिस को फोन कर सकें।
· हो सकें तो दो या तीन महिलाएं एक साथ जाएं।
· अगर आपके साथ किसी तरह का हादसा पेश आता है तो कोर्ट कचहरी और पुलिस थानों के चक्कर लगाने के डर से उसे छिपाए नहीं बल्कि उसकी रिपोर्ट करें ताकि अपराधियों के हौसले बुलंद ना हों और अन्य युवतियां उनका शिकार ना बनें।

 हिंद प्रहरी मानसी के साहस को प्रणाम करता है, जिसके कारण वो अपराधियों का शिकार होने से बच गई। यह सच हैं कि हादसे बताकर नहीं होते लेकिन उनसे बचने के लिए सावधानी बरतना और उनका शिकार होने पर साहस से उसका सामना करना बहुत ज़रूरी है।

सरे राह युवक का मोबाइल छीना

यह घटना मानसी के साथ घटी घटना के ठीक एक दिन बाद यानि 18 अप्रेल की है। दीपांशु, बलटाना में रहते हैं, और शाम सात बजे के लगभग एक किताब लेकर अपने घर लौट रहे थे। ऑटो की तलाश में दीपांशु टहलते हुए हाउसिंग बोर्ड चौराहे से से यू टर्न लेकर दरगाह तक पहुंचे थे कि तभी एक मोटरसाइकिल उनके पास आकर रुकी जिस पर तीन लोग सवार थे। उनमें से एक ने दीपांशु से कहा कि चुपचाप अपना मोबाइल दे दो, वरना तुम्हारी खैर नहीं है। दीपांशु ने इस डर से कि कहीं मारपीट पर ना उतर आएं और चूंकि वो मोटरसाइकिल पर थे तो भागने का भी कोई मतलब नहीं था, मौके की नज़ाकत को समझते हुए अपना मोबाइल उन्हें दे दिया। मोबाइल मिलते ही वो लोग तुरंत चले गए। गौरतलब है कि जिस जगह दीपांशु के साथ यह हादसा हुआ वो चलती सड़क है। वहां वाहनों और लोगों की आवाजाही देर तक रहती है।

हिंद प्रहरी संवाददाता

No comments:

Post a Comment